तरियानी से दो नाबालिग बालिकाएं मुक्त, दो गिरफ्तार

शिवहर :  पुलिस ने तरियानी थाना क्षेत्र के समहुती बाजार स्थित एक कथित स्पा/ऑर्केस्ट्रा केंद्र पर कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित मुक्त कराया है तथा दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि समहुती बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान की आड़ में नाबालिग बालिकाओं से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर "ऑपरेशन सवेरा" के तहत पुलिस उपाधीक्षक (AHTU) के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम में AHTU, तरियानी थाना एवं जिला आसूचना इकाई (DIU) के अधिकारी शामिल थे।

गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान के संचालक मनीष कुमार तथा उसकी सहयोगी रिकी कुमारी उर्फ रिकी खातून को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराया गया।

इस मामले में तरियानी थाना कांड संख्या 235/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों एवं तकनीकी प्रमाणों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.