आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला पदाधिकारी की जन-सुनवाई
शिवहर : जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी द्वारा आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने एवं उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से एक जन-सुनवाई एवं साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और जिला पदाधिकारी के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं जिसमें लगभग दो दर्जन से अधिक शिकायतों को सूचीबद्ध किया गया, जिनका त्वरित निष्पादन करने का आश्वासन दिया गया है।
आम जनता द्वारा जमाबंदी में नाम जोड़ने, रैयती जमीन पर कब्जे, और जमीन दखल से संबंधित कई मामले उठाए गए। तरियानी अंचल से जुड़ी विशेष शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अमीन द्वारा गलत मापी रिपोर्ट देना और नापी नहीं हो पाने की समस्या प्रमुख रही। इसके अतिरिक्त, भूमि पर बाउंड्री निर्माण में रुकावट, खेत जोतने के दौरान रोपनी से मना करने, तथा अतिक्रमण वाद के मामले भी सामने आए। ऐसे नागरिकों की परेशानी भी सामने आई जिनके परिजनों की मृत्यु राज्य से बाहर काम करने के दौरान हुई है और उनका मृत्यु प्रमाण पत्र अब तक नहीं बन सका है।
परवरिश योजना का लाभ प्राप्त करने और अप्रैल माह से लंबित पड़ी वृद्धा पेंशन को पुनः चालू करवाने की मांग रखी गई।क्षेत्र में अनियमित बिजली बिल और अत्यधिक बिल आने की शिकायतों ने भी उपभोक्ताओं की परेशानी को उजागर किया। नागरिकों ने बच्चों के विद्यालय में नामांकन में आ रही समस्याओं और चौकीदार के पद पर नियुक्ति हेतु भी जिला पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 'ईज ऑफ लिविंग' सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों (राजस्व, विद्युत, समाज कल्याण आदि) को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इन सभी मामलों की जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर इनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.