डीएम ने लखपति दीदियों के उद्यमों का किया भ्रमण; जीविका के कार्यों की सराहना, आय वृद्धि के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव
शिवहर : जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी प्रतिभा रानी ने पिपराही प्रखंड के मीनापुर बलहा में जीविका से जुड़ी तीन लखपति दीदियों के उद्यमों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।
भ्रमण के क्रम में अलका कुमारी द्वारा संचालित बर्तन निर्माण इकाई, पवन देवी के धागा उद्योग तथा रूबी देवी की पौधशाला का निरीक्षण किया गया। अलका कुमारी ने जीविका से ऋण लेकर बर्तन निर्माण का व्यवसाय शुरू किया है, जिससे उन्हें वार्षिक लगभग 3.5 लाख रुपये की आय हो रही है तथा इस इकाई में 5 लोगों को रोजगार भी मिला है। वहीं पवन देवी ने समूह से 40 हजार रुपये का ऋण लेकर धागा उद्योग स्थापित किया, जिससे उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 2 लाख रुपये की आमदनी हो रही है। रूबी देवी ने 50 हजार रुपये के ऋण से पौधशाला का संचालन प्रारंभ किया, जिससे उन्हें भी सालाना लगभग 2 लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
जिला पदाधिकारी ने रूबी दीदी को फूलों के व्यवसायिक उत्पादन के लिए प्रेरित किया तथा डेकोरेटिव पौधों के उत्पादन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। उन्होंने पौधशाला की आय में वृद्धि हेतु बड़े नर्सरी से जुड़ाव कर बाजार विस्तार करने की सलाह दी, ताकि उत्पादों की बिक्री और आय में वृद्धि हो सके। पवन देवी के उद्यम को सुदृढ़ करने के लिए जिला पदाधिकारी ने उन्हें जीविका निधि से व्यक्तिगत ऋण एवं मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की अगली किस्त उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
साथ ही, उन्होंने जिला परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिया कि पवन देवी को जीविका स्टीचिंग केंद्र से जोड़ा जाए, जिससे उनके उत्पादों की बिक्री में और वृद्धि हो सके। अलका दीदी को पीएमईजीपी का ऋण दिलाने एवं उसके ब्रांडिग के लिए निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने कहा कि महिलाओं के भीतर अपार क्षमता होती है और वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। जीविका दीदियों ने अपने कार्यों से इसे सिद्ध कर दिखाया है।
उन्होंने दीदियों की आय में हुई वृद्धि और उनके आत्मनिर्भर बनने की सराहना की। दीदियों ने अपने उद्यम को और विस्तारित करने की इच्छा व्यक्त की तथा इसके लिए अतिरिक्त ऋण की आवश्यकता बताई। इस पर जिला पदाधिकारी ने उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया एवं सरकारी योजनाओं से इनके जुड़ाव का निर्देश दिया।
मौके पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अभिनव प्रिय, प्रखंड परियोजना प्रबंधक ब्रजेश्वर राय, विशेष कार्य पदाधिकारी प्रेम सागर मिश्रा एवं जिला जन-संपर्क पदाधिकारी अहमर अब्दाली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.