तरियानी छापरा में निःशुल्क नेत्र जांच शिविरः सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ, चश्मे और दवाएं बांटी गईं

शिवहर : जिले के तरियानी प्रखंड स्थित तरियानी छापरा में सोमवार को एक निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तरियानी के सौजन्य से यह शिविर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) तरियानी छापरा के वार्ड संख्या-06 में रंजीत कुमार रौशन के आवास पर लगाया गया। इस एक दिवसीय शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में डॉ. नीरज कुमार, नेत्र रोग सहायक सुजीत कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) तबरेज अंसारी, एएनएम रीना कुमारी और आशा कार्यकर्ताओं की देखरेख में मरीजों की आंखों की गहन जांच की गई। इस दौरान मोतियाबिंद, रेटिना संबंधी रोग, ग्लूकोमा (काला मोतियाबिंद) और दृष्टिदोष (पावर) जैसी समस्याओं की विशेष जांच की गई।

जांच के उपरांत, जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं और चश्मे वितरित किए गए। चिकित्सकों ने इस अवसर पर लोगों से नियमित अंतराल पर अपनी आंखों की जांच कराने और आंखों से संबंधित किसी भी समस्या के तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

इस शिविर के सफल संचालन में श्री गंगा नया सेवा दल के अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, रामानन्द उपाध्याय, राम निवास सिंह (आर्मी), सतीश भारती, उमाशंकर सिंह, बांभोली पांडे, राम मंडल, अनुराधा देवी, सुनीता देवी, जगतरण देवी, तिलेश्वरी देवी, नीलू देवी एवं राजकुमारी देवी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.