तेज रफ्तार बाइक ने राहगीर को मारी टक्कर, बुजुर्ग गंभीर; एसकेएमसीएच रेफर
शिवहर : तरियानी थाना क्षेत्र के खाजेपुर पुल के समीप बुधवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने पैदल जा रहे राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में बैद्यनाथपुर निवासी 57 वर्षीय रामनाथ साह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपाचे बाइक (BR55E 4082) तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान बाइक ने पैदल सड़क पार कर रहे रामनाथ साह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद राहगीर और बाइक चालक दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद बाइक चालक की पहचान नहीं हो सकी।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए तरियानी पीएचसी पहुंचाया। रामनाथ साह को ऑटो से, जबकि बाइक चालक को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद रामनाथ साह की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। वहीं बाइक चालक की स्थिति सामान्य बताई गई है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने पर चिंता जताई।
लोगों का कहना है कि खाजेपुर पुल के आसपास वाहनों की तेज गति के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.