स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को लेकर डीएम-एसपी ने की बैठक
शिवहर : स्वतंत्रता दिवस के भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के सभी वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।
मुख्य समारोह स्थल परेड मैदान की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, मंच, साउंड सिस्टम एवं दर्शक दीर्घा में पंडाल की व्यवस्था शीघ्र पूरी करने को कहा गया। पुलिस बल, एनसीसी, होमगार्ड, स्काउट एंड गाइड एवं स्कूली बच्चों की परेड रिहर्सल को अंतिम रूप देने तथा देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतर प्रस्तुति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सभी चिन्हित महादलित टोलों में वरिष्ठतम सदस्य द्वारा झंडोत्तोलन कराने की जिम्मेदारी बीडीओ को दी गई। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती तथा वीआईपी और सामान्य पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
समारोह स्थल पर पेयजल, ओआरएस, मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाएं एवं एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। सरकारी भवनों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और आकर्षक रोशनी से सजावट के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.