श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया बाबा भुवनेश्वर नाथ देकुली धाम का निरीक्षण
शिवहर : आगामी पवित्र श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी एवं पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्रसिद्ध बाबा भुवनेश्वर नाथ देकुली धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण किया तथा तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद डीएम और एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में मंदिर प्रबंधन समिति एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।जिला पदाधिकारी ने कहा कि जलार्पण के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मजबूत बैरिकेडिंग और बेहतर कतार प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे और वॉच टावर भी लगाए जाएंगे।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए शहर से बाहर पार्किंग स्थल चिन्हित करने, रूट चार्ट व्यवस्थित करने, मंदिर परिसर एवं पहुंच मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के लिए भी व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। डीएम प्रतिभा रानी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करे।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता

No Previous Comments found.