नशा मुक्त भारत की ओर शिवहर का मजबूत कदम, समाहरणालय में अधिकारियों-कर्मियों ने ली सामूहिक शपथ

शिवहर : अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर  जिले में बुधवार को “नशा मुक्त सप्ताह” का भव्य शुभारंभ किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार तथा समाज कल्याण विभाग, बिहार के निर्देशानुसार यह अभियान 17 से 26 जून 2026 तक जिले भर में चलाया जाएगा।अभियान की शुरुआत जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम से हुई। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ब्रज भूषण कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने, परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने तथा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्रज भूषण कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान” निर्धारित की गई है।  विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज का नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अगले दस दिनों तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, महादलित टोलों, विद्यालयों और तकनीकी संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।  नुक्कड़ नाटक, रैली, वाद-विवाद प्रतियोगिता और कार्यशालाओं के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.