भारत भूषण तिवारी मौत मामले की न्यायिक जांच की मांग तेज, जन सुराज ने उठाए गंभीर सवाल
शिवहर : शाहपुर क्षेत्र के बिलौटी निवासी भारत भूषण तिवारी की पुलिस कार्रवाई में हुई मौत को लेकर जन सुराज पार्टी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी के जिला मुख्य प्रवक्ता राघवेंद्र कुमार ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है। राघवेंद्र कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी नागरिक को न्यायिक प्रक्रिया से वंचित नहीं किया जा सकता। यदि भारत भूषण तिवारी किसी मामले में आरोपित थे, तो उन्हें कानून के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि घटना की परिस्थितियों को लेकर परिजनों, समर्थकों और स्थानीय लोगों के मन में कई तरह की शंकाएं हैं, जिनका समाधान केवल पारदर्शी और स्वतंत्र जांच से ही संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत तिवारी क्षेत्र में सामाजिक और जनहित के मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाने वाले युवा थे। ऐसे में उनके परिजनों और समर्थकों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जन सुराज पार्टी ने मांग की है कि मामले की फास्ट ट्रैक आधार पर जांच कर सच्चाई को सार्वजनिक किया जाए तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। राघवेंद्र कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती न्याय, पारदर्शिता और संविधान के शासन में निहित है। सरकार की जिम्मेदारी है कि कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास कायम रहे और प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष न्याय मिले। जन सुराज पार्टी ने मामले की न्यायिक जांच, जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.