शिवहर में न्याय प्रक्रिया को मिलेगी नई गति: जिला पदाधिकारी ने किया अपर समाहर्ता के नवनिर्मित न्यायालय कक्ष का भव्य उद्घाटन -
शिवहर : जिला प्रशासन द्वारा आम जनता को सुलभ, पारदर्शी और त्वरित न्याय प्रदान करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।आज शिवहर के माननीय जिला पदाधिकारी द्वारा समाहरणालय परिसर में अपर समाहर्ता (Additional Collector) के नवनिर्मित न्यायालय कक्ष का विधिवत उद्घाटन फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर जिला पदाधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि नए और आधुनिक संसाधनों से युक्त न्यायालय कक्ष के क्रियाशील होने से राजस्व, भूमि विवाद और अन्य प्रशासनिक मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम जनता को ससमय न्याय दिलाना और उनके मामलों का निष्पादन पारदर्शी तरीके से करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। यह नया न्यायालय कक्ष अधिवक्ताओं और वादियों (फरियादियों) दोनों के लिए सुविधायुक्त साबित होगा। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रशासनिक महकमे के साथ-साथ न्यायिक और विधिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे यथा श्री मेधावी, अपर समाहर्ता, शिवहर,सुश्री चांदनी सुमन, वरीय उप समाहर्ता, शिवहर,अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR), शिवहर, विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारीगण एवं कार्यालय कर्मी,स्थानीय बार एसोसिएशन के वरिष्ठ व विद्वान अधिवक्तागण। नवेली सुख-सुविधाओं से लैस इस न्यायालय कक्ष के उद्घाटन पर उपस्थित विद्वान अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और जिला प्रशासन के इस कदम की सराहना की। अधिवक्ताओं का कहना था कि बेहतर बुनियादी ढांचे से कार्य प्रणाली में और अधिक सुधार आएगा। कार्यक्रम के अंत में अपर समाहर्ता श्री मेधावी ने उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों और मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नए न्यायालय कक्ष में मामलों की सुनवाई पूरी निष्पक्षता और तत्परता के साथ सुनिश्चित की जाएगी।
No Previous Comments found.