स्कूल चले अभियान के तहत रूम टू रीड द्वारा आवदा में निकाली गई जनजागरूकता रैली
आवदा : शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय आवदा में शुक्रवार को स्कूल चले अभियान के अंतर्गत रूम टू रीड द्वारा संचालित एनरोलमेंट ड्राइव अभियान के क्रम में जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिला परियोजना समन्वयक श्री भूपेंद्र शर्मा एवं विद्यालय के एसएमसी अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, समस्त स्कूल स्टाफ, एसएमसी सदस्यों तथा ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली गांव की विभिन्न गलियों और मोहल्लों से होकर निकली, जहां छात्र-छात्राओं ने आकर्षक नारों के माध्यम से समुदाय को शिक्षा एवं नामांकन के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान बच्चों ने "बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ", "नया सत्र, नई उमंग—बच्चों को स्कूल भेजो", "शिक्षा है सबका अधिकार", "हर घर तक, हर कोने तक शिक्षा पहुंचे" तथा "अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराएं और पूरे वर्ष नियमित रूप से विद्यालय भेजें" जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। इन नारों के माध्यम से ग्रामीणों को बच्चों, विशेषकर बालिकाओं, की शिक्षा के महत्व और नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली के पश्चात जिला परियोजना समन्वयक श्री भूपेंद्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व, जीवन में उसके सकारात्मक प्रभाव तथा विभिन्न जीवन कौशलों का उपयोग कर बेहतर भविष्य निर्माण के विषय में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास, संवाद कौशल और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रूम टू रीड की ओर से कार्यक्रम सहायक विवेक सिंह परिहार एवं कंचन जोशी , स्कूल प्रभारी रामभरत शर्मा एवं समस्त स्कूल स्टाफ भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कर उन्हें पूरे शैक्षणिक सत्र में नियमित रूप से विद्यालय से जोड़कर रखना रहा।
रिपोर्टर : राम मिलन यादव
No Previous Comments found.