संध्या गश्ती में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देसी कट्टा के साथ दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

शिवहर : जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में संध्या गश्ती के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देसी कट्टा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुशील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवकों की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के औरा गांव निवासी 26 वर्षीय अभिषेक कुमार एवं 22 वर्षीय दिगवेश कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने बताया कि संध्या गश्ती के दौरान औरा-पहाड़पुर सड़क के बीच तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो एक युवक के पास से देसी कट्टा बरामद हुआ। इसी दौरान तीसरा युवक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए शिवहर मंडल कारा भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गश्ती एवं सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.