तरियानी को मिली स्वास्थ्य सेवा की नई सौगात, 30 बेड के रेफरल अस्पताल से ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर इलाज
शिवहर : तरियानी छपरा में नवनिर्मित 30 बेड वाले रेफरल अस्पताल परिसर में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अस्पताल के लिए भूमि दान करने वाले राज किशोर सिंह उर्फ महंत के सौजन्य एवं नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल के विकास और सुचारु संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में बीएमएसआईसीएल के उप महाप्रबंधक (परियोजना) सागर जायसवाल, कनिय अभियंता, पूर्व मुखिया श्याम बाबू सिंह, 20 सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, ब्रजकिशोर सिंह, पप्पू सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, अस्पताल प्रबंधक, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि 30 बेड के इस आधुनिक रेफरल अस्पताल के चालू होने से तरियानी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। अब सामान्य से लेकर गंभीर बीमारियों के प्राथमिक उपचार के लिए मरीजों को दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से समय पर उपचार मिलने से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं चिकित्सा अधिकारियों ने अस्पताल के बेहतर संचालन, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आम जनता को अधिकतम लाभ पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया। अस्पताल के शीघ्र संचालन को लेकर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह का माहौल है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.