जीईसी शिवहर के छात्रों ने विद्यालय में चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान
शिवहर : राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (जीईसी), शिवहर के स्टूडेंट्स एक्टिविटी काउंसिल (SAC) के अंतर्गत संचालित सोशल वर्क एंड हेरिटेज क्लब द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नारायणपुर में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें "स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत" अभियान से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्रों ने खुले में शौच एवं कूड़ा-कचरा इधर-उधर फैलाने से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि अस्वच्छ वातावरण के कारण डायरिया, हैजा, टायफाइड, पेचिश, पीलिया, डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संक्रामक रोग फैल सकते हैं। विद्यार्थियों को शौचालय के नियमित उपयोग, कूड़े को डस्टबिन में डालने तथा विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के अंतर्गत चित्रकला, कहानी लेखन एवं कहानी वाचन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने स्वच्छ भारत, कचरा प्रबंधन एवं खुले में शौच मुक्त समाज जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र एवं प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए विभिन्न शिक्षाप्रद एवं मनोरंजक खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केशवेंद्र चौधरी ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं। उन्होंने सोशल वर्क एंड हेरिटेज क्लब के विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक अभियानों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम का सफल संचालन सोशल वर्क एंड हेरिटेज क्लब के क्लब हेड भास्कर सिन्हा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर क्लब के सक्रिय सदस्य पार्थवी कुमारी, अभिषेक कुमार, हंसराज, शिवम कुमार, सूरभी कुमारी, रौशन कुमार एवं हेमा कुमारी ने जागरूकता अभियान एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर चित्रकला, कहानी प्रतियोगिता एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय, घर एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, खुले में शौच न करने तथा कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.