पेड़ से टकराई पुलिस जीप, चालक की मौत, दारोगा समेत तीन जख्मी बाल-बाल बची महिला पुलिसकर्मी, दारोगा को रेफर करने की तैयारी
शिवहर : पिपराही थाना क्षेत्र के सिंगरहिया गांव में गश्त लगा रही पिपराही थाने की पुलिस वाहन के पेड़ से टकराने के चलते हुए हादसे में चालक रामजी राय (45) की मौत हो गई। वहीं दारोगा अशोक सिंह व दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनमें दारोगा अशोक सिंह की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल स श्री कृष्ण मेडिकल कालेज एवं अस्पताल मुजफ्फरपुर रेफर करने की तैयारी चल रही है। मृतक रामजी राय कमरौली गांव निवासी थे। तथा चौकीदार के पद पर तैनात थे। चालक के अभाव में वह थाने का वाहन चलाते थे। पिपराही थाने में तैनात अवर निरीक्षक अशोक सिंह तथा तीन पुलिसकर्मियों के साथ गश्ती पर निकले थे। सिंगरहिया गांव के पास सामने से आ रहे एक व्यक्ति को बचाने के क्रम में पुलिस वाहन पास स्थित पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं चालक व दारोगा सहित चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जबकि एक महिला सिपाही बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए पिपराही पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से सभी को सरोजा सीताराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने चालक रामजी राय को मृत घोषित कर दिया। जबकि दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। वहीं दारोगा को रेफर करने की तैयारी चल रही है। इधर, घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही रामजी राय के पुत्र दीपक कुमार सहित स्वजन व ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.