डीडीसी ने जीविका जिला कार्यालय का किया निरीक्षण, कार्यों की सराहना
शिवहर : आज जिला शिवहर में उप विकास आयुक्त संजय कुमार का जीविका जिला कार्यालय में आगमन हुआ। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक अभिनव प्रिय द्वारा उनका स्वागत पौधा भेंट कर किया गया आगमन के उपरांत जीविका जिला कार्यालय स्थित किसान प्रशिक्षण एवं सूचना केंद्र में सभी कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीविका के विभिन्न कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक के दौरान जीविका कर्मियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों एवं उपलब्धियों से उप विकास आयुक्त महोदय को अवगत कराया। साथ ही, संकुल स्तरीय संघ के वैधानिक अनुपालन एवं SNA SPARSH से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। उप विकास आयुक्त संजय कुमार ने जीविका द्वारा ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “जीविका द्वारा जिले में किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। यह न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहा है, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। सभी कर्मी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहें।”
उन्होंने जीविका कर्मियों को निर्देशित किया कि संकुल स्तरीय संघों के वैधानिक अनुपालन को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा SNA SPARSH प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों तक पहुंच सके। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी जीविका दीदियों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में जिला परियोजना प्रबंधक अभिनव प्रिय ने सभी कर्मियों की ओर से विश्वास दिलाया कि जीविका दीदियों के सतत विकास हेतु हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रबंधक वित्त विवेक कुमार श्रीवास्तव ने एसएनए स्पर्श से सम्बंधित नए बिल भुगतान से संबंधित जानकारी कर्मियों को दी। मौके पर आईबीसीबी गुलाम कौसर, सभी प्रखंडों के प्रखंड परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार, ब्रजेश्वर कुमार, प्रियांशु कुमार, लाल बाबू साह, श्याम नारायण ठाकुर, अजय शंकर सभी क्षेत्रीय समन्वयक, सामुदायिक समन्वयक एवं सभी विषयगत प्रबंधक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.