मुख्यमंत्री आवास से कॉल करने की बात कह डीएम प्रतिभा रानी को गुमराह करने पर शिवहर थाने में हुई प्राथमिकी दर्ज
शिवहर : मुख्यमंत्री आवास से कॉल करने की बात कह जिलाधिकारी से धोखाधड़ी करने के मामले में शिवहर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा है कि शिवहर पुलिस मामले की जांच कर रही है।समाहरणालय में तैनात होमगार्ड जवान सतीश कुमार के आवेदन पर नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में मोबाइल नंबर के धारक को आरोपित किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि उक्त धारक द्वारा किसी मामले में पैरवी के लिए सीएम हाउस से फोन करने की बात कह कर जिलाधिकारी को धोखे में रखा।बताया गया है कि मोबाइल नंबर 8294913288 से जिलाधिकारी के मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया था। कॉलर ने खुद को सीएम हाउस से कॉल करने की बात कही थी।जिलाधिकारी ने कुछ समय बाद सीएम हाउस से कॉल कर इसकी जानकारी ली तो उन्हें पता चला कि सीएम हाउस से कोई कॉल नहीं गया था।इसके बाद जिलाधिकारी प्रतिभा रानी के आदेश पर होमगार्ड जवान सतीश कुमार ने नगर थाने में आवेदन देकर मोबाइल नंबर मोबाइल नंबर 8294913288 के धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।नगर थाने की पुलिस ने जानबूझकर गलत जानकारी देकर गुमराह करने को लेकर बीएनएस की धारा 318 (2) तथा धोखे से किसी और का रूप धारण करके धोखाधड़ी को लेकर बीएनएस की धारा 319 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।ट्रू-कॉलर पर उक्त मोबाइल धारक की पहचान अनमोल गिरि के नाम से हुई है। नगर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता


No Previous Comments found.