धू-धूकर जल उठे चार घर आग की चपेट में आए दर्जनों मवेशी

शिकारपुर। थाना क्षेत्र के बरगजवा गांव में शनिवार की अहले सुबह अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों ने चार घरों को अपनी चपेट में लेकर राख कर दिया। घरों के साथ वहां बंधे मवेशी भी आग से घिर गए। हादसे में कई मवेशियों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि भैंस के पाड़ा-पाड़ी और बकरियों समेत दर्जनों पशु गंभीर रूप से झुलस गए। अचानक आग लगने से गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने और मवेशियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक चार घर और पशुओं को भारी नुकसान हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पशुपालन विभाग की 1962 एंबुलेंस से पशु चिकित्सकों की टीम बरगजवा पहुंची। टीम में डॉ. शिवसागर चौरसिया, डॉ. दिनेश प्रसाद भगत एवं कंपाउंडर रामशरण राम शामिल रहे। चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर झुलसे मवेशियों की स्थिति की जांच की और तत्काल उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल पशुओं को आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

अगलगी से प्रभावित पशुपालकों में हारुण मियां, सकिल मियां, वकील मियां एवं जमीर मियां शामिल हैं। पीड़ित परिवारों के मुताबिक आग अचानक लगी और कुछ ही देर में चारों ओर फैल गई। मवेशियों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की भयावहता के कारण कई पशु उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अग्निकांड में हुए नुकसान का तत्काल आकलन कराने तथा पीड़ित पशुपालकों को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

रिपोर्टर - विनोद कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.