वरिष्ठ महिला के गले से 6 तोला सोना छीनने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

शिरूर : शिरूर तालुका के शरदवाड़ी (जांबुत) परिसर में एक 90 वर्षीय वृद्ध महिला के गले से सोने के आभूषण जबरन छीनने की घटना का शिरूर पुलिस ने महज 24 घंटे में सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक संदेश केंजळे के मार्गदर्शन में की गई।
यह घटना 20 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे घटी। शिकायतकर्ता के परिवार के सदस्य विवाह समारोह के लिए बाहर गए हुए थे। उसी दौरान शरदवाड़ी (जांबुत) स्थित घर के सामने ओट्यावर बैठी 90 वर्षीय लहानुबाई सखाराम सरोदे के गले से एक अज्ञात युवक ने करीब 6 तोला वज़न के सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 80 हजार रुपये है, जबरन छीन लिए और मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक संदेश केंजळे ने तुरंत जांच के आदेश दिए। पुलिस उपनिरीक्षक शुभम चव्हाण और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं गोपनीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आकाश किसन मेरगळ (उम्र 20 वर्ष, निवासी पंचतळे, जांबुत, तालुका शिरूर) पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी के पास से चोरी किए गए सभी 6 तोला सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक करांडे द्वारा की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में शिरूर पुलिस स्टेशन की अपराध शाखा द्वारा की गई। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों में संतोष और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

संवाददात : संजय चव्हाण 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.