महावितरण ट्रांसफॉर्मर से 80 किलो तांबा चोरी, ₹48 हजार का नुकसान; अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
शिरूर (पुणे) : पुणे जिले के शिरूर तालुका अंतर्गत नागरगाव में महावितरण के ट्रांसफॉर्मर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लगभग 80 किलो तांबे की तार चोरी कर ली। चोरी से पहले आरोपियों ने ट्रांसफॉर्मर को बिजली के पोल से नीचे गिराया, जिससे ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा ऑयल भी बह गया। इस घटना से महावितरण को लगभग ₹48 हजार का आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले में शिरूर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महावितरण कर्मचारी सूरज शंकर लोहार (उम्र 30 वर्ष, निवासी पारगाव, तहसील दौंड, जिला पुणे) की शिकायत पर शिरूर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 686/2026 दर्ज किया गया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(3) तथा भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, 22 जुलाई 2026 की रात 10 बजे से 23 जुलाई 2026 की सुबह 9:15 बजे के बीच नागरगाव स्थित महावितरण के स्वामित्व वाले 'पांढरे' नामक 100/22 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मर (डीटीसी क्रमांक 4055525) को अज्ञात चोरों ने पोल से नीचे गिरा दिया। इसके बाद ट्रांसफॉर्मर से ऑयल निकल गया और उसे नुकसान पहुंचाते हुए उसमें लगी करीब 80 किलो तांबे की तार निकालकर फरार हो गए।
चोरी गए तांबे की अनुमानित कीमत ₹48 हजार बताई गई है। पुलिस के अनुसार, घटना में किसी वाहन या हथियार का उपयोग किए जाने के प्रमाण अभी तक सामने नहीं आए हैं। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मामले की जांच पुलिस हवलदार गवली (बकल नंबर 2271) कर रहे हैं। यह कार्रवाई शिरूर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पाटील के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
लगातार सामने आ रही ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटनाओं ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्टर : संजय चव्हाण
No Previous Comments found.