520 क्षमता वाले अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण
शिवहर : जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी द्वारा आज पिपराही प्रखंड के अंतर्गत निर्माणाधीन 520 क्षमता वाले अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय भवन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण की वर्तमान प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने निर्माण स्थल के प्रत्येक खंड का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि मजदूरों की संख्या बढ़ाकर और शिफ्टों में काम कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर भवन का कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने कार्य योजना के अनुसार समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने की कड़ी हिदायत दी। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर मानक का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने छात्राओं के रहने, शिक्षा और सुरक्षा के लिए तैयार किए जा रहे ब्लॉक्स के नक्शों की समीक्षा की गई।
श्रीमती प्रतिभा रानी ने कहा कि इस आवासीय विद्यालय के बन जाने से जिले की OBC छात्राओं को अत्याधुनिक शैक्षणिक माहौल मिलेगा, जो उनके भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि इस शैक्षणिक सत्र के लाभ हेतु बुनियादी ढांचा जल्द से जल्द तैयार हो जाए। निरीक्षण के दौरान जिले के अन्य वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अभियंता भी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता


No Previous Comments found.