पर्यावरण संरक्षण पर सख्ती: डीएम की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक, प्लास्टिक प्रतिबंध के कड़े निर्देश

शिवहर : जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कक्ष में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध समिति, जिला आर्द्रभूमि समिति एवं टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।  बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिले में वायु प्रदूषण मापक यंत्र की स्थापना, पथ चौड़ीकरण एवं बांध सुदृढ़ीकरण में प्रभावित होने वाले वृक्षों के प्रतिपूरक वृक्षारोपण, कम्पोस्ट प्लांट के सुचारू संचालन, गंगा की सहायक बागमती नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा बालू संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। 

इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी प्रतिबंध, आर्द्रभूमि (वेटलैंड) के संरक्षण एवं प्रबंधन, जंगली सूअर व अन्य वन्यजीवों से संबंधित शिकायतों के समाधान तथा पर्यावरणीय नियमों के अनुपालन पर भी चर्चा हुई।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जाए। साथ ही जन-जागरूकता अभियान तेज करने और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.