जिला प्रशासन शिवहर द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू, राहत शिविर और मेडिकल टीमें गठित
शिवहर : आगामी संभावित बाढ़ 2026 के मद्देनजर शिवहर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला पदाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर बाढ़ पूर्व तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए जिला प्रशासन द्वारा निम्नलिखित मुख्य कदम उठाए गए हैं:
जिले में कुल 48 राहत शिविर स्थल और 63 सामुदायिक रसोई स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तुरंत आश्रय और भोजन मिल सके।
बागमती नदी के दायाँ तटबंध का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। तटबंधों की सतत निगरानी की जा रही है और कमजोर स्थलों की मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है।
बाढ़ के दौरान त्वरित बचाव कार्यों के लिए NDRF की एक टीम जिला स्तर पर प्रतिनियुक्त की जा रही है। टीम के ठहरने के लिए भवन का चयन किया जा रहा है। सिविल सर्जन द्वारा आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित कर लिया गया है। जिला एवं प्रखंड स्तर पर मेडिकल कैंप लगाने के लिए स्थलों का चयन हो चुका है।
पशुपालन पदाधिकारी द्वारा बाढ़ व सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए विशेष पशु शिविरों और पशु डॉक्टरों की टीमों का गठन कर दिया गया है।
सभी अंचलाधिकारियों (CO) को निर्देश दिया गया है कि वे 'आपदा सम्पूर्ति पोर्टल' पर पहले से पंजीकृत लाभार्थियों की सूची को अपडेट करें और नए पात्र लाभुकों का नाम तुरंत जोड़ें, ताकि सहायता राशि सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। जिला प्रशासन ने अपील किया है कि शिवहर जिला प्रशासन आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। कृपया अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले निर्देशों का पालन करें।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता

No Previous Comments found.