24 घंटे में चाहिए रिजल्ट, नहीं तो होगी कार्रवाई: एक्शन मोड में एसपी शुभांक मिश्रा, चोरी और संदिग्ध मौत मामले की खुद संभाली कमान

शिवहर : जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को एसपी ने सभी थाना अध्यक्षों को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कहा कि जिले में होने वाली किसी भी घटना का 24 घंटे के भीतर रिजल्ट चाहिए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसी कड़ी में एसपी शुभांक मिश्रा शहर के वार्ड न.1 कोठियां गांव पहुंचे, बुधवार की में हुई चोरी की घटना का उन्होंने स्वयं स्थल निरीक्षण कर जांच की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के टॉप-10 अपराधियों के साथ-साथ पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके चोरों की गतिविधियों को खंगाला जाए। यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की पहली प्राथमिकता है और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी थाना अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।

कोठियां में जांच के बाद एसपी फतेहपुर थाना क्षेत्र के कनुआनी गांव पहुंचे, जहां पेड़ से लटका मिला वृद्ध का शव पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एसपी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा पुलिस अधिकारियों से जांच की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही जांच रिपोर्ट सामने आएगी। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को वैज्ञानिक तरीके से जांच करने और हर पहलू की बारीकी से पड़ताल करने का निर्देश दिया।

इस दौरान एसपी ने जिले के सभी थाना अध्यक्षों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश देते हुए अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। मौके पर थाना अध्यक्ष राधेश्याम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.