ट्रैक्टर से कुचलकर महिला की हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
शिवहर : शिवहर जिले के हिरम्मा थाना क्षेत्र के माधोपुर छाता गांव में बीते दिनों दो पक्षों के बीच हुई आपसी मारपीट की घटना ने भयावह रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी।
23 मई 2026 को हुई इस हिंसक झड़प के दौरान एक पक्ष के लोगों द्वारा महिला पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, शिवहर ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था।
मृतक महिला की पहचान रामकली देवी उर्फ राजकली देवी, पत्नी सोनेलाल राय के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही हिरम्मा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना का संज्ञान लिया और इस मामले में कांड संख्या 20/2026 के तहत गंभीर धाराओं (बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराएं जैसे 126(2), 115(2), 103(2), 303(2), 352/351(2) और 329(4)/3(5)) में मुकदमा दर्ज किया।
इस जघन्य हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए शिवहर पुलिस अधीक्षक ने मामले के त्वरित और सफल अनुसंधान के लिए एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया। इस टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार, हिरम्मा थानाध्यक्ष और डीआईयू (DIU) के अधिकारियों को शामिल किया गया। पुलिस की टीम ने वैज्ञानिक और मानवीय पहलुओं पर गहन जांच-पड़ताल की और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में सीधे संलिप्त 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान माधोपुर छाता निवासी होरिल कुमार (पिता स्व. शंभुराय), वंशलाल राय (पिता स्व. महावीर राय), किशोर राय (पिता वंशलाल राय) और प्रमीला देवी (पत्नी स्व. शंभुराय) के रूप में की गई है। शिवहर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच अभी जारी है और घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से ही गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि दोबारा किसी भी तरह के विवाद या हिंसा को रोका जा सके। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता


No Previous Comments found.