महंगाई से जनता में त्राहिमाम,राजद करेगा कल 9 जून को प्रखंड स्तरीय धरना प्रदर्शन

शिवहर : कल 9 जून मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल पार्टी की ओर से महंगाई, बेरोजगारी, विभिन्न विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं गिरती कानून व्यवस्था के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कल नौ जून को प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित करेगा। जानकारी देते हुए राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता व शिवहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नवनीत कुमार झा ने कहा है कि महंगाई से जनता ऊब चुकी है।

श्री झा ने कहा है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर प्रस्तावित कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए राजद कार्यकर्ता क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

 राजद युवा नेता नवनीत ने कहा कि वर्तमान केंद्र एवं राज्य सरकार गरीब विरोधी नीतियों पर कार्य कर रही है। सरकार को पूंजीपतियों की चिंता है, जबकि गरीब, किसान और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और रोजगार की मांग को लेकर युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है‌। इन्हीं मुद्दों को लेकर राजद द्वारा नौ जून को प्रखंड मुख्यालय तथा 17 जून को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नवनीत कुमार झा ने राजद, कांग्रेस, सीपीएम सहित महागठबंधन के सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में धरना कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए यह आंदोलन महत्वपूर्ण है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.