आरटीआई रिपोर्ट में खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल, कक्षा 9 से 12 तक 286 शिक्षकों के पद रिक्त
शिवहर : सूचना के अधिकार (RTI) अधिनियम 2005 के तहत प्राप्त जानकारी में शिवहर जिले के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी का मामला सामने आया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिवहर कार्यालय द्वारा फरवरी 2026 में उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार जिले में कक्षा 9 से 12 तक कुल 775 स्वीकृत शिक्षकों के पद हैं, जबकि मात्र 489 शिक्षक कार्यरत हैं। शेष 286 पद रिक्त पड़े हैं।
आरटीआई कार्यकर्ता मुकुन्द प्रकाश मिश्र द्वारा मांगी गई सूचना के जवाब में विभाग ने विषयवार स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध कराया है। जानकारी के अनुसार माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 9-10) में 319 स्वीकृत पदों के विरुद्ध 249 शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि 70 पद रिक्त हैं। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 11-12) में 456 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 240 शिक्षक कार्यरत हैं और 216 पद खाली पड़े हैं।
माध्यमिक विद्यालयों में अंग्रेजी विषय के 18, विज्ञान के 9, सामाजिक विज्ञान के 9, हिन्दी के 8 तथा गणित के 7 पद रिक्त हैं। अरबी एवं फारसी जैसे विषयों में भी सभी स्वीकृत पद खाली पाए गए हैं। उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भी विज्ञान, गणित, कला एवं वाणिज्य संकाय के कई विषयों में शिक्षकों की कमी दर्ज की गई है।
शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा परिणामों पर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में स्थिति और अधिक गंभीर है, जहां कई विषयों की पढ़ाई वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे चल रही है।
आरटीआई कार्यकर्ता मुकुन्द प्रकाश मिश्र ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति आवश्यक है। उन्होंने राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग से शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की मांग की है।
कक्षा 9-10 में स्वीकृत पद: 319
कक्षा 9-10 में कार्यरत शिक्षक: 249
कक्षा 9-10 में रिक्त पद: 70
कक्षा 11-12 में स्वीकृत पद: 456
कक्षा 11-12 में कार्यरत शिक्षक: 240
कक्षा 11-12 में रिक्त पद: 216
कुल स्थिति
कुल स्वीकृत पद: 775
कुल कार्यरत शिक्षक: 489
कुल रिक्त पद: 286 है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.