एसपी के जनता दरबार में फरियादियों ने सुनाई अपनी फरियाद,हुई त्वरित करवाई

शिवहर : पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में  जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। 

इस दौरान भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, साइबर ठगी तथा अन्य पुलिस संबंधी मामलों को लेकर लोगों ने अपनी-अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।जनता दरबार में पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की बात धैर्यपूर्वक सुनी और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी शैलेंद्र सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या या अपराध की जानकारी बिना संकोच पुलिस को दें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया। 

उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन की दिशा में कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य मामलों की जांच संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी बात सीधे पुलिस अधीक्षक तक पहुंचाने का अवसर मिलने पर फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया और इस पहल को आम जनता के हित में सराहनीय बताया।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.