बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक ने किया RSETI, शिवहर का निरीक्षण
शिवहर : बैंक ऑफ बड़ौदा प्रायोजित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), शिवहर का भ्रमण बैंक ऑफ बड़ौदा के पटना जोन के उप महाप्रबंधक प्रिय रंजन क्षेत्रीय प्रबंधक मिहिर कुमार मिश्रा अग्रणी जिला प्रबंधक शिवहर अमरेश कुमार रवि शंकर प्रसाद एवं राजेश कुमार रौशन (प्राथमिकता क्षेत्र, पटना) ने किया।
इस अवसर पर RSETI के निदेशक श्री पवन कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत पौधा दे कर किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ब्यूटी पार्लर एवं महिला वस्त्र निर्माण प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर अतिथियों ने RSETI भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी से अधिक-से-अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने संस्थान में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रशिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, स्वच्छता तथा अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने RSETI के सभी कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ग्रामीण युवाओं, विशेषकर महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अपने संबोधन में उप महाप्रबंधक प्रिय रंजन ने कहा कि "अक्सर पुरुष अपने परिवार तक ही सीमित सोच रखते हैं, जबकि एक शिक्षित एवं आत्मनिर्भर महिला पूरे परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को शिक्षित और सशक्त बनाने का कार्य करती है। इसलिए महिलाओं की शिक्षा एवं कौशल विकास समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से RSETI के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने RSETI के विकास, भवन के रख-रखाव तथा प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संस्थान के समुचित विकास एवं आवश्यक रखरखाव के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में RSETI के निदेशक पवन कुमार ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर संस्थान के सभी कर्मचारी, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.