शिवहर के दो किसान पूसा में हुए सम्मानित
शिवहर : डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में आम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें डॉ अनुराधा रंजन कुमारी वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र शिवहर द्वारा चयनित दो किसान मनोज कुमार सिंह एवं हरि किशोर सिंह ग्राम मीनापुर बलहा ब्लॉक पिपराही शिवहर ने आम की 4-4 प्रजाति का प्रदर्शन लगाया, कार्यक्रम में विभिन्न किस्मों के आमों की प्रदर्शनी, आम उत्पादन की नवीन तकनीकों तथा बागवानी क्षेत्र में किसानों के उत्कृष्ट योगदान पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. वी. के. मिश्रा, पूर्व निदेशक, आईसीएआर-एनईएच, बारहपानी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आम की उन्नत खेती एवं गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने तथा बागवानी को व्यवसायिक दृष्टिकोण से विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड अंतर्गत मीनापुर बलहा गाँव के प्रगतिशील किसान मनोज कुमार सिंह एवं हरिकिशोर सिंह को आम उत्पादन एवं बागवानी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए आम का पौधा, प्रशस्ति-पत्र तथा स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डॉ. अनुराधा रंजन कुमारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान, ने दोनों सम्मानित किसानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रगतिशील किसान अन्य कृषकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा इनके अनुभवों से क्षेत्र में फलोत्पादन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने किसानों से विश्वविद्यालय द्वारा विकसित उन्नत तकनीकों को अपनाकर आम उत्पादन की गुणवत्ता एवं उत्पादकता बढ़ाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। आम की विभिन्न उन्नत एवं लोकप्रिय किस्मों की प्रदर्शनी ने उपस्थित लोगों का विशेष आकर्षण प्राप्त किया। विशेषज्ञों ने आम की वैज्ञानिक खेती, पौध संरक्षण, पोषण प्रबंधन तथा मूल्य संवर्धन पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन किसानों के सम्मान, तकनीकी संवाद एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.