15 जुलाई को शिवहर में तीन नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ: उच्च शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम
शिवहर : राज्य सरकार की उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक सुलभ बनाने की विशेष पहल के तहत, 15 जुलाई को शिवहर जिले में तीन नए डिग्री कॉलेजों का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
जिले के प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में इन शिक्षण संस्थानों का शुभारंभ करेंगे। यह सौगात पूरे बिहार में एक साथ शुरू हो रहे 211 नए डिग्री कॉलेजों के अभियान का एक अहम हिस्सा है।
जिले के निम्नलिखित तीन प्रखंडों में यह डिग्री कॉलेज संचालित किए जाएंगे। पिपराही प्रखंड के मध्य विद्यालय शीतलपट्टी परिसर, डुमरी कटसरी प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय फुलकाहां परिसर, पूरनहिया प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय बाराही जगदीश परिसर।
प्रशासन द्वारा तीनों स्थानों पर उद्घाटन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब तक इन कॉलेजों में 32 विद्यार्थियों ने अपना नामांकन सुनिश्चित करा लिया है और आने वाले दिनों में इस संख्या में तेजी से वृद्धि की उम्मीद है।
जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने जिले के युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से 15 जुलाई को आयोजित उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेजों के खुलने से शिवहर के छात्र-छात्राओं को अब उच्च शिक्षा के लिए जिले से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
डीएम ने युवाओं से उच्च शिक्षा के इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द अपना नामांकन कराने का आग्रह किया है। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानाध्यापकों और संबंधित अधिकारियों से नामांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.