लालगढ़ चौक पर जिला विधिक सहायता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
शिवहर : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के कुशल मार्गदर्शन में आज डुमरी कटसरी ब्लॉक के लालगढ़ चौक पर एक विशेष 'जिला विधिक सहायता जागरूकता कार्यक्रम' का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के पैनल अधिवक्ता जितेंद्र कुंवर एवं पैरा लीगल वालंटियर जितेश कुमार ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आम जनता और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता जितेंद्र कुंवर ने नालसा की गाइडलाइंस और जेल विधिक सहायता क्लिनिक के कामकाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोई भी विचाराधीन या सजायाफ्ता कैदी धन के अभाव में वकील से वंचित नहीं रहेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा कैदियों को मुफ्त कानूनी वकील, बेल और रिमांड के चरणों में सहायता और उनके केस की अद्यतन स्थिति की जानकारी निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
वहीं पैरा लीगल वालंटियर जितेश कुमार ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि जेल में बंद कैदियों के मानवाधिकारों की रक्षा और समाज के कमजोर वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना ही इस प्राधिकार का मुख्य लक्ष्य है। यदि किसी भी परिवार का कोई सदस्य जेल में बंद है और वह निजी वकील की फीस देने में असमर्थ है, तो वह सीधे जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के फ्रंट ऑफिस में आकर मुफ्त कानूनी मदद के लिए आवेदन कर सकता है।
इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने इस जागरूकता अभियान की सराहना की और विधिक अधिकारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.