नगर परिषद शिवहर क्षेत्र के विकास कार्यों में आएगी तेजी, डीएम कड़े निर्देश;
शिवहर : आज शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में नगर परिषद शिवहर के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण, जल निकासी तंत्र और स्वच्छता अभियानों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने उपस्थित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को सख्त हिदायत दी कि जनहित की इन योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा इनके कड़ाई से अनुपालन के निर्देश जारी किये हैं।
शहर के ऐतिहासिक और पर्यावरणीय महत्व को देखते हुए पछियारी पोखर के सौंदर्यीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तत्काल तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के कार्यों को अविलंब पूरा किया जाए ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द एक स्वच्छ और सुंदर सार्वजनिक स्थल मिल सके।
नगर के अपशिष्ट प्रबंधन को आधुनिक बनाने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और फीकल स्लग ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण प्राथमिकता में है। इसके लिए चिन्हित की गई जमीन की तकनीकी और व्यावहारिक जांच तुरंत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करने को कहा गया है।
शहर में जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान हेतु BUIDCO (बुडको) द्वारा निर्माणाधीन स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम की गहन समीक्षा की गई। जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए डीएम महोदया ने कड़े निर्देश दिए हैं कि शहर के अंतर्गत जितने भी निर्माण कार्य अपूर्ण हैं, उनमें मानव बल और मशीनरी बढ़ाकर शीघ्र अति शीघ्र तेजी लाई जाए और कार्य को पूरा किया जाए।
जलजमाव की समस्या से आम नागरिकों को बचाने के लिए नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी छोटे-बड़े नालों की पुनः उड़ाही (सफाई) करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी वार्ड या मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित न हो।
शिवहर शहर को एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर बनाने के विजन के तहत, नगर परिषद के सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा उठाव कार्य को और अधिक सुदृढ़ तथा नियमित करने का निर्देश दिया गया है। स्वच्छता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बैठक के अंत में यह स्पष्ट किया कि उपर्युक्त सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत और कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इन योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाएगी। जिला प्रशासन शिवहर नगर परिषद के निवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.