बेलवा डैम एवं नहर परियोजना की निष्पक्ष जांच हो, किसानों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं : राघवेंद्र कुमार
शिवहर : जन सुराज पार्टी के शिवहर जिला मुख्य प्रवक्ता राघवेंद्र कुमार ने बेलवा डैम (लगभग 89 करोड़) एवं नहर परियोजना (लगभग 130 करोड़) के निर्माण एवं क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के लगभग 219 करोड़ की लागत वाली इन परियोजनाओं का उद्देश्य किसानों को सिंचाई, जल संरक्षण एवं बाढ़ प्रबंधन का लाभ देना है, न कि उन्हें फसल क्षति, भूमि विवाद और आर्थिक नुकसान झेलने के लिए मजबूर करना।
उन्होंने कहा कि 25 वर्षों बाद बागमती की पुरानी धार में पानी पहुंचना स्वागतयोग्य है। इससे जल संरक्षण, पर्यावरण एवं कृषि को लाभ मिलेगा, लेकिन हजारों प्रभावित किसानों की पीड़ा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, जिनकी निजी एवं खतियानी भूमि से नहर की खुदाई की गई, फसलें प्रभावित हुईं और आज तक उन्हें समुचित मुआवजा नहीं मिला।
राघवेंद्र कुमार ने कहा कि सुगिया कटसरी से शाहपुर तक 1962 के सर्वे के आधार पर निजी जमीन पर कृत्रिम धारा बनाई गई, जबकि अन्य स्थानों पर प्राकृतिक पुरानी धारा में ही पानी छोड़ा गया। यदि प्राकृतिक धारा ही वास्तविक थी तो किसानों की निजी भूमि विभाग के समक्ष गंभीर प्रश्न है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बेलवा डैम एवं नहर परियोजना का कार्य अभी भी कई स्थानों पर अधूरा है, इसके बावजूद उद्घाटन कर दिया गया। इससे परियोजना की गुणवत्ता, पारदर्शिता और सरकारी कार्यशैली पर सवाल खड़े होते हैं।
जन सुराज पार्टी की मांग है कि—- बेलवा डैम एवं नहर परियोजना की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जाए- प्रभावित किसानों की फसल एवं भूमि क्षति का तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए- अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कर परियोजना का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचाया जाए- जनता के धन के प्रत्येक रुपये के उपयोग की पारदर्शी जांच कर जवाबदेही तय की जाए।
राघवेंद्र कुमार ने कहा कि जन सुराज पार्टी किसान हित, न्याय और पारदर्शी विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। विकास तभी सार्थक होगा जब किसानों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे और जनता के धन का सदुपयोग सुनिश्चित होगा। पार्टी किसानों के हक की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.