राजस्व वसूली, नीलाम पत्र वाद और वारंट तामिला को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

शिवहर : आज जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में प्रशासनिक और राजस्व कार्यों की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 
इस बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों, नीलाम पत्र वादों (सर्टिफिकेट केस), और पुलिस थानों में लंबित वारंटों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान  सरकारी कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से अधिकारियों को कई सख्त और स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय और निर्देश दिए गए हैं।राजस्व विभाग, एडमिन बोर्ड, सभी अंचलाधिकारियों  और डीसीएलआर को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा करें। विशेष रूप से 'नीलाम पत्र वादों' की लगातार मॉनिटरिंग की जाए ताकि लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन हो सके।सभी थानों में लंबित बॉडी वारंटों की स्थिति की समीक्षा की गई। यह स्पष्ट और सख्त निर्देश दिया गया है कि यह चिन्हित किया जाए कि किस-किस थाने में वारंट लंबित हैं। किसी भी परिस्थिति में कोई भी वारंट बिना तामिला के वापस नहीं होना चाहिए।

 राजस्व और बकाया वसूली को लेकर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि हर महीने निर्धारित वसूली अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

 कारण बताओ नोटिस की प्रक्रिया में अनुपस्थित रहने वालों या लापरवाही बरतने वालों पर सख्ती की जाएगी। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी के साथ-साथ अब प्रखंड विकास पदाधिकारियों  को भी इसकी समीक्षा करने का अधिकार दिया जा रहा है, ताकि प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

 ऐसे सरकारी कर्मचारी जिनके ऊपर किसी भी प्रकार की देनदारी लंबित है, उनके खिलाफ वसूली की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 जिन क्षेत्रों या मामलों में नोटिस तामिला कराने में समस्याएं (Issues) आ रही हैं, वहां के लिए थानावार प्रतिवेदन (रिपोर्ट) तैयार करने का निर्देश दिया गया है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित थानों के माध्यम से नोटिस का सही तरीके से तामिला कराया जा सके।

​प्रशासनिक स्तर पर बुलाई गई यह बैठक सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तेज बनाने की दिशा में एक कड़ा कदम है। सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का तत्काल प्रभाव से और अक्षरशः पालन करने का आदेश दिया गया है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.