ठगी के शिकार युवक को लौटाए गए 50 हजार, डीएसपी साइबर के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई
शिवहर : साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए शिवहर साइबर थाना ने एक साइबर ठगी के पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार राजेश कुमार के बैंक खाते में 50 हजार की पूरी राशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को साइबर थाना कांड संख्या 09/2025 के तहत दर्ज मामले में राजेश कुमार, पिता स्वर्गीय नारायण साह, निवासी ग्राम शिवहर, थाना एवं जिला शिवहर, साइबर ठगी का शिकार हुए थे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), शिवहर के निर्देशन में साइबर थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। तकनीकी अनुसंधान और बैंकिंग समन्वय के माध्यम से ठगी गई 50,000 (पचास हजार रुपये) की पूरी राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित एवं उनके परिजनों ने शिवहर पुलिस और साइबर थाना की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिवहर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो बिना देर किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in� पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
समय पर शिकायत दर्ज होने से साइबर पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने और ठगी गई राशि वापस कराने में काफी मदद मिलती है।
शिवहर पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.