जुलाई में 375 मामलों की सुनवाई, 22 का हुआ निष्पादन

 शिवहर : जिला मुख्यालय स्थित एडीआर भवन में संचालित स्थायी लोक अदालत ने जुलाई माह के दौरान न्याय को सुलभ और त्वरित बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया। पूरे माह में आयोजित आठ बैठकों में कुल 375 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें आपसी सहमति के आधार पर 22 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। 

स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि स्थायी लोक अदालत की बैठक प्रत्येक माह के प्रत्येक सप्ताह बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को एडीआर भवन में आयोजित की जाती है। यहां विशेष रूप से बिजली, जलापूर्ति, परिवहन, डाक, दूरसंचार तथा अन्य लोक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित समाधान कराया जाता है।

 उन्होंने कहा कि स्थायी लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत दिलाकर कम समय, कम खर्च और सरल प्रक्रिया के माध्यम से न्याय उपलब्ध कराना है। यहां होने वाले समझौते से दोनों पक्षों के बीच सौहार्द बना रहता है तथा वर्षों तक चलने वाले मुकदमों से भी बचाव होता है। 

अध्यक्ष श्रीवास्तव ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित किसी भी प्रकार का विवाद होने पर न्यायालय में लंबी कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय स्थायी लोक अदालत का लाभ उठाएं। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा विवाद का स्थायी और संतोषजनक समाधान संभव हो पाता है। 

बैठक के दौरान सदस्य प्रिय रंजन, विद्युत विभाग के प्रतिनिधि भारत भूषण कुमार, सहायक आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.