डीएम ने दीप प्रज्वलित कर नियोजन सह मार्गदर्शन मेले का किया शुभारंभ

शिवहर : श्रम संसाधन विभाग, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर द्वारा आयोजित एक दिवसीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेले का शुभारंभ सोमवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी ने दीप प्रज्वलित कर किया। 

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे नियोजन मेले युवाओं को निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। युवाओं को चाहिए कि वे अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारें। मेले में रोजगार के इच्छुक युवक-युवतियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

 अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया गया तथा उन्हें विभिन्न निजी कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, चयन प्रक्रिया एवं आवश्यक योग्यताओं की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित युवाओं को करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास कार्यक्रमों और सरकारी रोजगार सेवाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। 

वही जिला नियोजनालय पदाधिकारी मुकुल माधव ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, उन्हें सही करियर दिशा देना तथा उद्योगों और योग्य अभ्यर्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, जिला नियोजनालय के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक युवक-युवतियां उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.