शिक्षा भवन के निरीक्षण में डीएम सख्त, अधूरे कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
शिवहर : नवाब उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में नवनिर्मित शिक्षा भवन का शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तल का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अभियंता, सदर अंचलाधिकारी, बीडीओ एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने शिक्षा भवन के मीटिंग हॉल, डीपीओ एवं डीईओ कक्ष समेत विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया।
उन्होंने बचे हुए फिनिशिंग कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा शौचालय और बेसिन की फिनिशिंग दुरुस्त करने का निर्देश दिया। कार्यालयों में गंदे पड़े फर्नीचर को लेकर नाराजगी जताते हुए तत्काल साफ-सफाई कराने को कहा।
फाइलों और दस्तावेजों के बेहतर रखरखाव के लिए सभी अलमारियों को रिकॉर्ड रूम में व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया। बिजली एवं ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश मिला।
वहीं, विद्यालय एवं शिक्षा भवन की सुरक्षा को देखते हुए शेष बाउंड्री वॉल का निर्माण कराने तथा मुख्य गेट लगाने के लिए अविलंब प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि लंबित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्टर : संजय गुप्ता
No Previous Comments found.