​ईज ऑफ लिविंग' सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, समय-सीमा के भीतर हो शिकायतों का निष्पादन ---डीएम

शिवहर : आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने (ईज ऑफ लिविंग) के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी के कार्यालय प्रकोष्ठ में 'जनता दरबार' का आयोजन किया गया। 

इस दौरान डीएम प्रतिभा रानी ने आमजनों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।​इस जनता दरबार कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं पंचायतों से आए दो दर्जन से अधिक फरियादियों ने भाग लिया।

 फरियादियों ने जिला पदाधिकारी के समक्ष अपनी-अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। आज के जनता दरबार में मुख्य रूप से निम्नलिखित मामले सामने आए है ।एक विधवा महिला को आजीविका के साधन उपलब्ध कराने हेतु उसे 'जीविका' से जुड़वाने का निर्देश दिया गया। 

भूमि से संबंधित मामले, जमीन दखल-कब्जा, भू-मापी, रास्ता अतिक्रमण, जमाबंदी में सुधार तथा जमाबंदी रद्द करने से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए।बिजली बिल में सुधार से संबंधित शिकायतें आईं (विशेषकर डुमरी प्रखंड से)। मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, बैंक खाते में नॉमिनी  बदलने और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामले भी जनता दरबार में रखे गए।​

जिला पदाधिकारी के आदेश पर सभी शिकायतों को विधिवत सूचीबद्ध कर लिया गया तथा उनके त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शुरू कर दी गई। ​जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों के लिए 'ईज ऑफ लिविंग' (जीवन की सुगमता) सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 

उन्होंने संबंधित विभागों (जैसे- अंचल कार्यालय, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बैंक एवं जीविका) के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि वे इन सभी मामलों की गहनता से जांच करें और एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर इनका समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को बेवजह सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता
   ​

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.