सावन की दुसरी सोमवारी; बोल बम,बोल बम; हर हर महादेव से गूंज उठा शिवालय

शिवहर : सावन की दुसरी सोमवारी आज है। बोल बम, बोल बम, हर हर महादेव के नारो से जिले के सभी शिवालय गूंज उठा है। शिवहर जिले के ऐतिहासिक एवं पौराणिक धार्मिक स्थल बागमती नदी के तट पर बाबा भुवनेश्वर नाथ धाम पर रात 3 बजे से ही श्रद्धालुओं के जलाभिषेक को लेकर पट खोल दिया गया है।

जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देश के आलोक में दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है ।महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारबद्ध अरघा के माध्यम से भोलेनाथ पर जलाभिषेक कराया जा रहा है।

देकुली धाम, रसीदपुर गौरीशंकर मठ ,रानी पोखर स्थित शिवालय ,कुशहर गौरीशंकर मठ, अनुमंडल कार्यालय के समीप मनोकामना पूर्ण शिवालय, पिपराही स्थित गौरीशंकर मठ, आसोपुर गौरी शंकर मंदिर, पवित्र नगर गौरी शंकर मंदिर सहित जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं के द्वारा जलाभिषेक किया जा रहा है।

बताते चलें कि शिवहर जिले में स्थित देकुली धाम (जिसे देकुली शिव मंदिर के नाम से भी जाना जाता है) भगवान शिव को समर्पित एक अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है। यहाँ स्थित बाबा भुवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर में स्वयंभू शिवलिंग है, जहाँ सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है।

 मान्यता है कि यह स्थान द्वापर युग में राजा द्रुपद का गढ़ था। यहीं द्रौपदी का स्वयंवर हुआ था और अर्जुन ने लक्ष्य भेदन किया था। ऐसा विश्वास किया जाता है कि अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने लाक्षागृह की घटना के बाद यहाँ छिपकर अपनी जान बचाई थी।यह भी कहा जाता है कि भगवान राम के विवाह के समय जनकपुर जाते वक्त राजा जनक के मेहमान के रूप में बारात ने यहाँ विश्राम किया था।

सावन के महीने में यहाँ नेपाल और बिहार के विभिन्न जिलों से हजारों-लाखों की संख्या में श्रद्धालु जलार्पण के लिए आते हैं। सावन के अलावा हर महीने के रविवार और सोमवार को यहाँ विशेष पूजा-अर्चना होती है और मेला जैसा माहौल रहता है।पर्यटन विकास बिहार सरकार द्वारा इस ऐतिहासिक धाम का सौंदर्यीकरण और विकास तेजी से किया गया है, जिससे यह क्षेत्र एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहा है।

रिपोर्टर : संजय गुप्ता

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.