शिवहर में पेट्रोल संकट गहराया: शादी सीजन में बढ़ी मांग, पंपों पर उमड़ी भीड़
कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस पहुंची ,बीडीओ राहिल ने कहा धर्ये रखे, कतारबद्ध पेट्रोल लेने की अपील
शिवहर -जिले में एलपीजी गैस के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कमी से आम लोग परेशान हैं। शादी-विवाह के सीजन में ईंधन की मांग अचानक बढ़ जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल खत्म होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न इलाकों में इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। बारात, निजी वाहन, जनरेटर, ट्रैक्टर और व्यावसायिक वाहनों की संख्या बढ़ने से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई है।
वहीं संबंधित गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं होने से संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध है, वहां सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। कई जगहों पर भीड़ अनियंत्रित हो जा रही है, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन रहा है। लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा है। प्रशासन की निगरानी में पेट्रोल और डीजल का वितरण कराया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले और सभी जरूरतमंदों को ईंधन मिल सके।
रविवार सुबह शहर के पिपराही रोड स्थित पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सदर बीडीओ मोहम्मद राहुल, सदर थानेदार रणधीर कुमार सिंह तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक देखरेख में व्यवस्थित तरीके से पेट्रोल का वितरण शुरू कराया गया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।
वहीं प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।


No Previous Comments found.