अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

शिवहर -शिवहर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां प्रशासन का बुलडोजर एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ गरजा है। जिले के तरियानी प्रखंड अंतर्गत कुशहर गांव के वार्ड नंबर 1 में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत गांव के निवासी लखन धनुकार, गंगा धनुकार और संजय धनुकार के घरों पर बुलडोजर चलाकर अवैध बताए जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।संबंधित जमीन सरकारी अभिलेखों में सार्वजनिक उपयोग के लिए दर्ज थी। जमीन को खाली कराने के लिए पूर्व में ही संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर दिया गया था, लेकिन निर्माण नहीं हटाए जाने के कारण अंततः बल प्रयोग करना पड़ा। कार्रवाई के समय मौके पर अंचल अधिकारी और पुलिस प्रशासन की टीम मुस्तैद रही हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया के बाद पीड़ित परिवारों के बीच काफी आक्रोश और गम का माहौल है। पीड़ित लखन धनुकार, गंगा धनुकार और संजय धनुकार का कहना है कि प्रशासन ने उन्हें घर खाली करने या अपना सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया। उनके अनुसार, महज दो दिन पहले ही उन्हें इस कार्रवाई की चेतावनी मिली थी।बुलडोजर चलने के दौरान मौके पर काफी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पीड़ित परिवार अधिकारियों के सामने गुहार लगाते रहे और अपना पक्ष रखने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन ने सरकारी आदेशों का हवाला देते हुए उनकी एक न सुनी। 
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद कुशहर गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और ग्रामीणों के बीच यह घटना चर्चा का केंद्र बनी हुई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में कहीं भी सार्वजनिक जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित स्थानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, बेघर हुए परिवारों के सामने अब सिर छुपाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.