लग्जरी लाइफ से जेल तक! अब योग और पूजा-पाठ कर रही श्रद्धा दुबे

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा दुबे की जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। कभी लग्जरी लाइफ जीने वाली श्रद्धा अब जेल की चारदीवारी के भीतर योग और अध्यात्म के सहारे दिन गुजार रही है। सुबह-शाम योग करना और पूजा-पाठ करना उसकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया है।

जेल सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा दुबे जेल में अपनी दिनचर्या सामान्य रखने की कोशिश कर रही है। वह सुबह और शाम योग करती है। इसके अलावा पूजा-पाठ और आध्यात्मिक गतिविधियों में समय बिताती है। दिन के बाकी समय में वह अपनी बहन रश्मि और अन्य महिला बंदियों के साथ बातचीत करती है।

श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि को 40 से 45 महिला कैदियों वाली बैरक में रखा गया है। जेल की जिंदगी और पहले की लग्जरी लाइफ के बीच आए बड़े अंतर से दोनों बहनें परेशान बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि जेल में अब तक परिवार का कोई सदस्य या परिचित उनसे मिलने नहीं पहुंचा है। श्रद्धा की अब तक केवल दो बार अपने वकील से मुलाकात हुई है। 31 अक्टूबर को उसकी न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ाई गई थी। अब 13 नवंबर को उसकी बढ़ी हुई न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होगी।

गौरतलब है कि कारोबारी शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को मौत के बाद श्रद्धा दुबे फरार हो गई थी। उसने अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के साथ करीब 12 दिनों तक गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की। इस दौरान नेपाल, रायबरेली, लखनऊ और आगरा में उसके ठिकाने बदलते रहे।

आखिरकार 22 अक्टूबर को STF और हजरतगंज पुलिस की टीम ने श्रद्धा को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद से ही वह जेल में बंद है। फिलहाल उसकी जिंदगी योग, पूजा-पाठ और जेल की दिनचर्या के बीच गुजर रही है। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत से जुड़े इस मामले में अब आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.