सिसवारा विवाद में एक व्यक्ति की मौत, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल निलंबित
श्रावस्ती : इकौना तहसील क्षेत्र के ग्राम सिसवारा, दा० भरथापुर, परगना व तहसील इकौना में भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान हुई घटना में एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने प्रकरण के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भूमि विवाद के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस टीम मौके पर गई थी।
प्रशासन के अनुसार, कार्यवाही के दौरान मौके पर मौजूद कुछ महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत पांच महिलाओं और एक पुरुष को पुलिस के सरकारी वाहन से थाने ले जाया जा रहा था।
बताया गया कि वाहन में सवार कमलेश कुमार पुत्र बृजलाल, निवासी मदारपुरवा पुरुषोत्तमपुर ने वाहन का गेट खोलकर चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। घायल कमलेश कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला ले जाया गया, जहां से उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रकरण की प्रथम दृष्टया जांच में संबंधित राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल की घोर लापरवाही परिलक्षित हुई है। इसके आधार पर दोनों को निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।
संपूर्ण प्रकरण में राजस्व एवं पुलिस की भूमिका की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई है। प्रशासन ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
No Previous Comments found.