संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
श्रावस्ती : जनपद के भिनगा स्थित खाले ककरा के मजरा बैजू पुरवा में सोमवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिवगढ़ कला निवासी झल्ली ने अपनी पुत्री रोजिया खातून की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज से बैजू पुरवा निवासी रिजवान (25) पुत्र ननके के साथ की थी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 11 बजे रोजिया खातून घर के बगल में लगे आम के पेड़ से फांसी के फंदे से लटकती हुई मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ससुराल पक्ष के लोगों ने शव को पेड़ से उतारकर घर में रखा और मायके पक्ष को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के पिता झल्ली ने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली भिनगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल में जुटी है।
रिपोर्टर : सर्वेश

No Previous Comments found.