राजस्थान का सबसे गर्म जिला बना श्रीगंगानगर लू और गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

श्रीगंगानगर : जिले में भीषण गर्मी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह जिला प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। इसके और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। गुरुवार को सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया। गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और बाजारों में भी ग्राहक नदारद हैं। गोल बाजार, सुखाड़िया सर्कल और जवाहरनगर जैसे प्रमुख इलाकों में दुकानों पर सन्नाटा छाया रहा। तेज गर्मी के कारण ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। छाछ, लस्सी, जलजीरा और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। डॉक्टरों ने लू से बचने के लिए शरीर को ढक कर बाहर निकलने, पानी और नींबू पानी का अधिक सेवन करने की सलाह दी है। नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र सिंह यादव ने बताया कि जिला कलेक्टर और राज्य सरकार के निर्देश पर शहर की मुख्य सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही पीने के पानी और प्याऊ की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि गर्मी से बचाव के लिए नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। श्री गंगानगर में तापमान का शिखर पर रहना चिंताजनक है फिलहाल गर्मी से रात की कोई उम्मीद नहीं दिख रही, और जिला मुख्यालय पर बढ़ता तापमान हालात को और चुनौतीपूर्ण बना रहा है।
रिपोर्टर : कृष्ण आसेरी
No Previous Comments found.