जिला कलक्टर ने किया दो दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण
श्रीगंगानगर : राज्य सरकार के निर्देशानुसार 16वीं जनगणना 2027 हेतु जिले में चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय गहन प्रशिक्षण प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में 10 व 11 फ़रवरी 2026 तक कार्यालय परियोजना प्रबन्धक एवं उप निदेशक (आत्मा) श्रीगंगानगर में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने प्रथम पूर्ण डिजिटल जनगणना कार्य की संवेदनशीलता एवं महत्ता की ओर रेखांकित करते हुए बताया कि जनगणना आंकड़ो का एकत्रीकरण मात्र ही नही है अपितु राष्ट्र की नीतियों, योजनाओं व विकास की दिशा निर्धारित करने के साथ ही परिसीमन जैसे महत्त्वपूर्ण कार्य की आधारशिला है। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण स्तर पर नियुक्त समस्त चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक चुनौतियों को गंभीरता से लेवे तथा कार्य में समयबद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए शुन्य त्रुटि सुनिश्चित करें ताकि जनगणना कार्य का सफल एवं सूचारू क्रियान्मयन सुनिश्चित किया जा सकें।
कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी श्री सुशील कुमार शर्मा ने मंचासीन अधिकारियों एवं समस्त चार्ज स्तर से उपस्थित चार्ज अधिकारी (प्रशिक्षणार्थियों) को जनगणना-2027 के बारें में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि चूंकि पूर्ण डिजीटल जनगणना कार्य का प्रबंधन एवं निगरानी निर्धारित पोर्टल (सी.एम.एम.एस. पोर्टल) के माध्यम से ही की जानी है। अतः फील्ड कार्य हेतु ब्लॉक / सुपरवाइजर सर्किल का निर्माण, विभिन्न स्तर के प्रशिक्षणों का प्रबंधन आदि समस्त कार्य पोर्टल के माध्यम से ही किए जाएगें।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री सुभाष कुमार ने जनगणना के प्रथम चरण मे मकानसूचीकरण हेतु निर्धारित स्वगणना अवधि (1 मई से 15 मई 2026 तक) में अधिकाधिक आम जनता को जागरूक कर प्रेरित करने तथा साथ ही जनगणना के समस्त प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निभाने हेतु निर्देशित किया।
जनगणना कार्य निदेशालय, राजस्थान जयपुर से आए संभाग स्तर के मास्टर ट्रेनर श्री कल्पेश गुप्ता एवं श्री अशोक गोदारा ने दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में गणना के प्रथम चरण के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान से अवगत कराते हुए मकान सूचीकरण तथा सीएमएमएस पोर्टल, HLBC web Application, HLO Mobile App के माध्यम से निगरानी के तकनीकी पहलुओं के अतिरिक्त जनगणना के विधिक प्रावधानों यथा जनगणना एक्ट 1948 एवं जनगणना नियम 1990 के बारे में जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर उप निदेशक भावना बिश्नोई, जिला जनगणना सेल में नियुक्त प्रोग्रामर श्री जय प्रकाश, जिला सांख्यिकी कार्यालय से सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री सुभाष, अतिरिक्त सहायक प्रशासनिक अधिकारी कृष्ण लाल, सहायक प्रोग्रामर श्री दीपक कुमार, संगणक श्री अनुपम सिंहमार तथा प्रत्येक चार्ज स्तर से प्रशिक्षण हेतु अधिशाषी अधिकारी, तहसीलदार एव नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण की महत्त्वपूर्ण तिथियों के तहत स्वगणना 1 मई से 15 मई 2026 तक और फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक होगा। इस बार जनगणना कार्य में नियुक्त प्रगणकों के पहचान पत्र पोर्टल के माध्यम से ही जनरेट होंगे जिन पर एक क्यूआर कोड अंकित होगा, जिसे स्केन कर पहचान पत्र की सत्यता की पुष्टि की जा सकेगी।
चार्ज अधिकारियों के प्रशिक्षण के समानान्तरण राजकीय आईटीआई कॉलेज, श्रीगंगानगर में जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा नियमित सहायकों का तीन दिवसीय गहन प्रशिक्षण भी बुधवार को सम्पन्न हुआ जिसमें प्रशिक्षाणार्थियों ने जनगणना के विभन्न पोर्टल एवं उनके तकनीकी पहलुओं के साथ ही जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण शब्दावली के सम्बंध में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
रिपोर्टर : नरेश गर्ग

No Previous Comments found.