मिशन शक्ति ने बढ़ाया महिलाओं का आत्मविश्वास, मिश्रौलिया खालसा में पुलिस टीम ने दिया जागरूकता का संदेश
सिद्धार्थ नगर : मिश्रौलिया,महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों को लेकर पुलिस प्रशासन जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाए हुए है। इसी क्रम में रविवार को ग्राम मिश्रौलिया खालसा में पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने बहू–बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी प्रावधानों और आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी इटवा शुबेंदु सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष मिश्रौलिया बृजेश सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक बबुना यादव और महिला आरक्षी अनुराधा ने गांव की महिलाओं से संवाद स्थापित किया। इस दौरान टीम ने बताया कि कई महिलाएँ सामाजिक व पारिवारिक कारणों से थाने नहीं पहुँच पातीं, इसलिए पुलिस ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं जाकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए अभियान चला रही है। महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर क्राइम और अन्य अपराधों से बचाव के तरीकों के साथ-साथ तत्काल सहायता के लिए जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी समझाए गए। जारी किए गए प्रमुख हेल्पलाइन नंबर: 1090 – महिला पावर लाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन, 112 – पुलिस सहायता, 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 – चाइल्ड केयर लाइन, 108 – एम्बुलेंस सेवा, 101 – अग्निशमन सेवा, 14567 – एल्डर हेल्पलाइन, 1930 – साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन, इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा हर थाने में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के बारे में भी बताया गया, जहां महिलाएँ अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। टीम ने महिलाओं को नए कानूनों की भी विस्तृत जानकारी दी और उनके घरों व दुकानों पर मिशन शक्ति 5.0 के स्टीकर चस्पा किए। पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। महिलाएँ किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना हिचक पुलिस की मदद ले सकती हैं।
रिपोर्टर : सुशील कुमार
No Previous Comments found.