बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मान से गूंजा बघमरा,पूर्व विधायक ने संगठनात्मक मजबूती का दिया मंत्र
सिद्धार्थनगर : डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बघमरा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार को भाजपा भारतभारी मंडल द्वारा बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल व बूथ स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एक मंच पर सम्मानित कर उनके समर्पण और परिश्रम को सराहा गया।मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता है। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को उसके कार्य के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, यही वजह है कि पार्टी की पहचान अन्य दलों से अलग है।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर ईमानदारी, अनुशासन और लगन से किया गया कार्य संगठन को मजबूत करता है और यही परिश्रम भविष्य में बड़े दायित्वों का मार्ग प्रशस्त करता है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने पार्टी की नीतियों तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।पूर्व विधायक ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो, यह सुनिश्चित करना कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। कोई भी योग्य मतदाता छूटे नहीं, इसके लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक युवराज ने किया। समारोह में चंद्र प्रकाश वर्मा,अवधेश चौधरी, सुनील पाण्डेय,रामप्रकाश पाण्डेय, रविन्द्र शर्मा,इंद्रजीत चौधरी,रवि पासवान,रामू गौतम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर - विजय पाल चतुर्वेदी

No Previous Comments found.